
-
हिमाचल सरकार पर अनुराग ठाकुर का वार, बोले- “नाकामी का जश्न मना रही है कांग्रेस”
-
अनुराग सिंह ठाकुर का सीएम सुक्खू पर तंज, बोले- घर में नहीं दाने, सीएम चले भुनाने
पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर
सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है, जो अपनी नाकामियों का जश्न मना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के दो साल का शासनकाल वादाखिलाफी, अव्यवस्था और दुर्व्यवहार से भरा रहा है।
ये भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का जश्न: करोड़ों फूंके, जनता का उत्साह नदारद: राजेंद्र राणा
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के इतिहास की ये सबसे बड़ी दिशाहीन, असंवेदनशील और निकम्मी सरकार है जिसने प्रदेश के हर वर्ग को सिर्फ ठगने और अपने मित्रों की तिजोरी भरने का काम किया है। उन्होंने कहा, “घर में नहीं दाने, सीएम सुक्खू चले भुनाने। जिन लोगों को अपनी नाकामियों के कारण शर्मिंदा होकर घर बैठना चाहिए था, वे गाजे-बाजे के साथ अपनी विफलताओं का जश्न मना रहे हैं।”
उन्होंने प्रदेश में माफिया राज का आरोप लगाते हुए कहा कि खनन, शराब और नशे के व्यापार को सरकारी संरक्षण प्राप्त है। अनुराग ठाकुर ने सवाल उठाया कि इन माफियाओं से अर्जित काला धन आखिर कहां जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल का खजाना लुट रहा है, कालाबाजारी बढ़ रही है और सरकार लगातार प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ा रही है।