
हिमाचल और कश्मीर में भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित, कई सड़कें बंद
पोल खोल न्यूज|शिमला
हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि 1 मार्च को भी इन क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहेगी। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना भी जताई गई है।
हिमाचल में कई इलाकों में जारी रहेगी बर्फबारी
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में हल्की से मध्यम बर्फबारी के साथ कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी हो सकती है। वहीं, मंडी, कुल्लू, शिमला, चंबा और सिरमौर जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और सोलन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि 1 और 2 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 3 मार्च को राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि 4 मार्च को भी कुछ हिस्सों में बारिश-बर्फबारी जारी रहेगी। 5 और 6 मार्च को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल में धार्मिक संस्थाओं को मिल सकता है जमीन ट्रांसफर का अधिकार, राष्ट्रपति की मंजूरी का इंतजार
कश्मीर में भी बर्फबारी का दौर जारी
हिमाचल के साथ-साथ कश्मीर में भी बर्फबारी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान -28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान -14 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। रविवार के लिए न्यूनतम तापमान -12 डिग्री और अधिकतम -28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
सड़कों पर भारी असर, स्कूल-कॉलेज बंद
हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन हुआ है, जिससे 583 सड़कें और 5 राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गए हैं। लाहौल-स्पीति में 165, चंबा में 125 और कुल्लू में 112 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा, 2,263 ट्रांसफार्मर और 279 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। कई इलाकों में स्कूल और कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है।