
HPBOSE 12th English Exam: इस दिन होगी अंग्रेजी की परीक्षा, रद्द हो गया था पेपर
पोल खोल न्यूज़ | धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा की नई तारीख तय कर दी है। 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर अब 29 मार्च को होगा। यह परीक्षा हिमचाल प्रदेश के 2,300 केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच होगी। नियमित और राज्य मुक्त विद्यालय के 93,494 स्टूडेंट्स हिमाचल प्रदेश बोर्ड 12वीं इंग्लिश विषय की परीक्षा देंगे।
बताते चलें कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 7 मार्च को 12वीं इंग्लिश की परीक्षा रद्द करने की जानकारी दी थी। दरअसल, 7 मार्च को चंबा जिले के चुवाड़ी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में 10वीं कक्षा के बजाय गलती से 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का प्रश्न पत्र खोल दिया गया था। इसे देखते हुए बोर्ड ने 8 मार्च को होने वाली अंग्रेजी की परीक्षा को रद्द किया था।10वीं के स्टूडेंट्स को 12वीं का पेपर मिलने से पेपर लीक होने की आशंका जताई जा रही थी।
ये भी पढ़ें: प्रदेश भर के कॉलेजों में स्वीकृत 2783 सहायक आचार्य के पदों में से इतने खाली
किसी ने ईमेल के जरिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को इस गलती की जानकारी दी थी। बोर्ड ने एग्जाम मित्र मोबाइल एप पर अपलोड वीडियो से इसकी पुष्टि की। इसके बाद जांच के लिए एक टीम गठित की गई। इस शिकायत के आधार पर और उसकी पुष्टि हो जाने के बाद हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 12वीं इंग्लिश विषय की परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया था। अब यह परीक्षा 29 मार्च यानी महीने के आखिरी शनिवार को होगी।
वहीं, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि क्लास 12 अंग्रेजी विषय की रद्द की गई परीक्षा 29 मार्च को शाम की शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। प्रदेशभर के हर केंद्र में इसी समय पर परीक्षा होगी। इसका नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। रेगुलर, कंपार्टमेंट, इंप्रूवमेंट, एसओएस यानी हर वर्ग के परीक्षार्थी एक साथ 29 मार्च को इस विषय की परीक्षा देंगे। हिमाचल प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2025 से जुड़े सभी लेटेस्ट अपडेट्स hpbose.org पर चेक कर सकते हैं।