
दीपक शर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय मंच पर दर्ज की जोरदार उपस्थिति, राहुल गांधी ने थपथपाई दीपक शर्मा की पीठ
पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक शर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय मंच पर अपनी मेहनत से जोरदार उपस्थिति दर्ज की है। राहुल गांधी ने देश के चुनिंदा 140 कांग्रेस प्रवक्ताओं की कर्मठ फौज में दीपक शर्मा को भी शामिल किया है।वर्तमान में दीपक शर्मा अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक हैं और जम्मू कश्मीर एवं झारखंड के प्रभारी होने के साथ साथ किसान कांग्रेस का राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया विभाग भी देख रहे हैं।जिस तरह से भाजपा के ख़िलाफ़ जोरदार ढंग से कांग्रेस का पक्ष रखने और पार्टी के प्रति निष्ठा से दीपक शर्मा ने काम किया उसका ही नतीजा है कि दीपक शर्मा आज राष्ट्रीय स्तर पर अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: महिला मोर्चा जिला स्तर पर मनाऐगा पुण्य श्लोक अहिल्याबाई होल्कर की 300वी जयंती: अर्चना चौहान
आज दिल्ली में कांग्रेस ने पूरे देश से कांग्रेस के प्रखर प्रवक्ताओं को विशेष रूप से बुलाया था जिसमें राहुल गांधी, जय राम रमेश, पवन खेड़ा, के राजू जैसे वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न विषयों पर पार्टी के स्टैंड से उन्हें अवगत करवाया और मूलमंत्र दिए।इस बैठक में हिमाचल प्रदेश से पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर के अलावा दीपक शर्मा ही एक मात्र नेता थे जिन्हें बुलाया गया था। गौरतलब है कि दीपक शर्मा गत दो दशकों से हिमाचल कांग्रेस में बतौर प्रवक्ता अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं और पिछले दो वर्षों से अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक के रूप में देश के विभिन्न राज्यों में मीडिया प्रबंधन के साथ साथ संगठन की मजबूती के लिए काम कर रहे हैं।