
Himachal : इस मानसून सीजन में सामान्य से अधिक बारिश का पूर्वानुमान
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के लिए 1971-2020 की अवधि के दाैरान दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन में सामान्य वर्षा 734.4 मानी गई है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से सोमवार को इस संबंध में पूर्वानुमान जारी किया गया है। प्रदेश में मानसून सीजन जून से सितंबर तक चलता है। जून के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। जून के लिए सामान्य बारिश (101.1) मिलीमीटर मानी गई है।
वहीं, माैसम विभाग के अनुसार सामान्य से अधिक बारिश कृषि और जल संसाधनों के लिए लाभकारी है, लेकिन बाढ़, परिवहन में व्यवधान, सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं और पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान जैसे जोखिम भी लाती है। इन जोखिमों से निपटने के लिए रणनीतियों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, आईएमडी की प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों का उपयोग करना, निगरानी और संरक्षण पहलों को मजबूत करना और विशेष रूप से कमजोर क्षेत्रों में प्रतिक्रिया तंत्र स्थापित करना शामिल हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश में पूर्व मानसून सीजन 1 मार्च से 31 मई तक सामान्य से 27 फीसदी कम बारिश हुई। इस बार पूर्व मानसून सीजन में सिरमाैर जिले में बहुत अधिक बारिश हुई, जिला सोलन में अधिक बारिश दर्ज की गई। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, ऊना, हमीरपुर व बिलासपुर जिले में सामान्य बारिश हुई। चंबा, लाहाैल-स्पीति व किन्नाैर जिले में कम बारिश हुई है। मार्च व मई में राज्य में कुछ दिनों में भारी बारिश देखी गई।
माैसम विभाग के अनुसार 3 और 4 जून को राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि 2 और 5 जून को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। 6 जून को उच्च पर्वतीय अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होगी। सप्ताह के शेष दिनों में शुष्क मौसम बना रहेगा। अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और कुछ स्थानों पर तापमान में गिरावट होगी। इसके बाद अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।