
हिमाचल प्रदेश के बच्चे हिसाब-किताब में गड़बड़, सुर-ताल में आगे
पोल खोल न्यूज़ | धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का हिसाब पूरी तरह से कच्चा है। मार्च, 2025 में हुई हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में गणित विषय में 10वीं का परिणाम 79, जबकि 12वीं का परिणाम 89 फीसदी रहा है। प्रदेश के विद्यार्थियों ने संगीत में रुचि दिखाते हुए 100 फीसदी परिणाम दिया है, जबकि व्यावसायिक विषयों में भी विद्यार्थियों का रुझान उल्लेखनीय रहा है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च में 10वीं-12वीं की परीक्षाओं का आयोजन किया था। इन परीक्षाओं का परिणाम मई में घोषित किया गया। वहीं, इस दौरान विषय बार पास प्रतिशतता में गणित में विद्यार्थी पिछड़े नजर आए। 10वीं में गणित के लिए 70,179 विद्यार्थियों ने परीक्षा देने के लिए आवेदन किया था। इसमें से 362 अनुपस्थित रहे थे। 69,817 ने परीक्षा दी। इसमें 55,156 परीक्षार्थी पास हुए। 10,780 विद्यार्थियों का परिणाम फेल रहा है। गणित विषय की पास प्रतिशतता 79 फीसदी रही है। इसी तरह 12वीं में गणित में 10,545 परीक्षार्थी बैठे। इसमें से 9483 पास, जबकि 650 परीक्षार्थियों का परिणाम फेल रहा। पास प्रतिशतता 89.93 फीसदी रही।
ये भी पढ़ें: शादी कर बिकवाई जमीन, पैसे अपने खाते में डलवाकर भाग गई दुल्हन
12वीं में सुर्खियों में रहा अंग्रेजी विषय का परिणाम 96.73 फीसदी रहा है। अंग्रेजी का 67,475 विद्यार्थियों ने पेपर दिया। इसमें 65,269 को सफलता हासिल हुई, जबकि 1965 अभ्यर्थियों का परिणाम निराशाजनक रहा। दूसरी ओर संगीत का परिणाम 10वीं-12वीं में 100 फीसदी रहा है, जबकि वोकेशनल विषयों का परिणाम भी 99 प्रतिशत रहा।