
Himachal : लापता नाबालिग मामले में भारी हंगामा, एनएच पर चक्का जाम
पोल खोल न्यूज़ | सिरमौर
जिला सिरमौर के माजरा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत पडऩे वाले एक गांव की कथित नाबालिग एक सप्ताह से लापता है। जिसमें एक समुदाय के लड़के पर संदेह किया जा रहा है। मंगलवार रात को भी नाबालिग के आक्रोशित परिजनों, ग्रामीणों व विभिन्न संगठनों ने मिल कर हंगामा किया। शुक्रवार को माजरा दो-सड़का के समीप सैंकड़ों ग्रामीण व विभिन्न संगठनों के लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद शाम को फिर युवक के घर के बाहर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया।
वहीं, मौके पर विधायक पांवटा साहिब सुखराम चौधरी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, एसपी एनएस नेगी, एएसपी योगेश रोल्टा, एसडीएम पांवटा जीएस चीमा व डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर व डीएसपी मुख्यालय रमाकांत ठाकुर सहित माजरा के थाना प्रभारी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। देहरादून पांवटा से कालाअंब एनएच-07 पर आंशिक चक्का जाम लगाया। फिर शाम पांच बजे लोगों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दूसरे समुदाय के एक युवक के गांव पहुंच कर पथराव किया।
मिली जानकारी के अनुसार 5 जून से एक कथित नाबालिग लापता है। परिजनों ने अपहरण का अंदेशा जताया है। माजरा थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई। जिसके विगत मंगलवार देर रात को माहौल तनाव पूर्ण हो गया था। जब काफी संख्या में लोग दूसरे समुदाय के युवक के गांव पहुंच गए। तब मौके पर पहुंच कर डीएसपी पांवटा ने किसी तरह लोगों को समझा कर माहौल शांत करवाया था।
ये भी पढ़ें: बढ़ती गर्मी के बीच हिमाचल के समर स्कूलों की बदली समय सारिणी
ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार तक तीन दिनों का समय पुलिस को दिया गया था। सुबह से ही एनएच के समीप माजरा बाईपास पर सैंकड़ों ग्रामीण एकत्रित हो गए। पहले थाना प्रभारी माजरा की टीम ने समझाने का प्रयास किया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण होने पर डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर व एसडीएम जीएस चीमा मौके पर पहुंचे। लोगों ने आंशिक चक्का जाम भी किया।
अधिकारियों ने शाम तक लड़की ढूंढने का आश्वासन दिया व यातायात को बहाल करवाया। ग्रामीणों ने शाम पांच बजे तक इंतजार किया। पुलिस की कार्यप्रणाली से लोग नाखुश लोगों ने पांच बजे के बाद विभिन्न संगठनों के सैंकड़ों लोगों ने माजरा से लेकर दूसरे समुदाय के युवक गांव तक कूच कर दिया। जिसके हालात काफी तनावपूर्ण हो गए है।
एसडीएम पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने कहा कि लड़की के लापता होने से परिजन समेत स्थानीय लोग आक्रोशित है। दोपहर को माजरा बाईपास पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया। जिसके बाद एनएच पर यातायात बहाल करवा दिया गया। पुलिस-प्रशासन लगातार मामले में कार्रवाई अमल में ला रहा है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में गर्मी से लोग बेहाल, आज भी कई क्षेत्रों में लू का अलर्ट
एसपी एनएस नेगी ने कहा कि जांच टीम कार्रवाई में जुटी है। तीन टीमें गठित कर दी गई है। पूरी पादर्शिता के साथ पुलिस टीम काम करेगी। जिसमें कोई कौताही नहीं बरती जाएगी। ग्रामीणों का सहयोग जरुरी है, कानून के दायरे में रहे। शुक्रवार को गांव में पथराव के दौरान घायलों का मेडिकल करवाया जाएगा। इसकी भी उचित जांच होगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि लोगों में भारी आक्रोश है। गांव में छत पर से पथराव होने पर पांच महिलाओं समेत कई लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस टीम पथराव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें। शनिवार को माजरा थाना के बाहर सुबह दस बजे से लोग शांतिपूर्वक तरीके से धरना देंगे। जिसमें नाहन तथा पांवटा विधानसभा क्षेत्र के लोग शामिल होंगे।
पूर्व ऊर्जा मंत्री व विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि माजरा दो-सड़का में एकत्रित होने की बात हुई थी। फिर, गांव आनेे की ग्रामीणों को क्या जल्दी थी। क्या हम लोगों पर विश्वास नहीं है। चयनित सभी प्रतिनिधियों पर विश्वास रखिए व साथ लेकर चलिए। शनिवार को माजरा थाना के बाहर ( बिना डंडे के) धरने के लिए ग्रामीण पहुंचे। कानून को अपने हाथ लेने की जरुरत नहीं है। प्रशासन की भी बात सुनी जाए। हम सब बिटियां के परिजनों के साथ हैं। कानून हाथ में मत लें। जिनके आज पथराव के दौरान चोटें लगी है, सभी घायलों का मेडिकल करवा कर आगे कार्रवाई की जाए।