
आज से शुरू होगी हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र की शुरुआत, इन मुद्दों पर होगी
पोल खोल न्यूज़ । शिमला/ धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का मानसून सत्र आज दोपहर बाद से शुरू होने जा रहा है। ये सत्र 2 सितम्बर तक चलेगा, जिसमें कुल 12 बैठकें होंगी। प्रदेश सरकार आज से शुरू हो रहे मानसून सत्र में प्राकृतिक आपदा पर चर्चा ला रही है। प्राकृतिक आपदा पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में आपसी पर टकराव हो सकता है, इसे लेकर सदन में हंगामा होने के पूरे आसार हैं।
वहीं, आपदा को लेकर दोनों ओर से आरोप प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। राज्य में भारी बारिश के कारण अब तक सरकारी और निजी संपत्ति को 2173.54 करोड़ का नुकसान हो चुका है अभी मानसून के विदा होने में कुछ समय शेष बचा है। हिमाचल प्रदेश में जिस हिसाब से मानसून में भारी बारिश तांडव मचा रही है ऐसे में अभी नुकसान का आंकड़ा और बढ़ सकता है। सदन में आपदा के बीच राहत कार्यों को लेकर विपक्ष सरकार को घेर सकता है।
बता दें कि पहले दिन सदन की कार्यवाही 2:00 शुरू होते ही पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल के निधन पर शोक प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके बाद प्रश्नकाल होगा, शाहपुर से विधायक केवल सिंह पठानिया बीपीएल चयन में सरकार द्वारा लगाए गए मापदंडों में छूट के लिए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे। इसके अतिरिक्त नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राजस्व विभाग से संबंधित रिलीफ मैनुअल में परिवर्तन को लेकर सवाल पूछा है। वहीं, भाजपा विधायक जनक राज ने प्रदेश में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या को लेकर सवाल लगाया है। विधानसभा सत्र के पहले दिन आज कुल 48 प्रश्न पूछे गए हैं। जिसमें 38 तारांकित और 10 अतारांकित प्रश्नों के माध्यम से सरकार से जवाब मांगा गया है।
बताते चलें कि पहले दिन नियम 130 के तहत आपदा राहत के बाद भाजपा विधायक जीतराम कटवाल ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर एक पॉलिसी बनाने के आग्रह के साथ प्रस्ताव लाया है। वहीं, भारी बरसात में हुए नुकसान पर प्रस्ताव सहित दो ऑर्डिनेंस सदन में रखे जा रहे हैं। इनमें शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश नगर पालिका संशोधन अध्यादेश 2025 को रखेंगे। इसके तहत सरकार ने नए शहरी निकायों में चुनाव को दो साल तक टालने की व्यवस्था की है। नगर एवं ग्राम योजना मंत्री राजेश धर्माणी भी एक ऑर्डिनेंस को सदन में रखेंगे, जिसका नाम हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय अध्यादेश 2025 है। विधानसभा के इसी सत्र में कृषि मंत्री चंद्र कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2024 को वापस लेंगे। इस बिल को गवर्नर ने अनुमति नहीं दी है और राज्यपाल की आपत्ति को देखते हुए सरकार इस विधेयक को वापस लेगी और इसी सत्र में नया बिल ला सकती है।
विधानसभा के मानसून सत्र के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विधानसभा में बिना पास के किसी को भी परिसर में एंट्री नहीं मिलेगी। विधानसभा में पांच जगहों से प्रवेश और निकासी के प्वाइंट रखे गए हैं। सत्र के दौरान बिना पास और स्क्रीनिंग के किसी को भी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। वहीं, विधानसभा की सुरक्षा के पुलिस की क्यूआरटी और नाइट पेट्रोलिंग की टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा महिला पुलिस कर्मियों की भी अलग से क्यूआरटी टीम बनाई गई है। सत्र के दौरान पुलिस की टीमें सीसीटीवी से भी हर तरह की गतिविधियों को लेकर नजर रखेंगी। इसके अतिरिक्त सभी गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। मानसून सत्र में अधिकारियों सहित 500 से अधिक पुलिस बल सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं।