दीक्षा ठाकुर | पोल खोल न्यूज़ डेस्क
(मनाली) कुल्लू
हिमाचल प्रदेश में क्रिसमस और न्यू ईयर से पहले ही पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। होटलों में कमरों की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। शिमला के होटलों में 15 से 20, मनाली में 25 से 30, कसौली-चायल और धर्मशाला में 10 से 12 फीसदी एडवांस बुकिंग हो चुकी है। सैलानियों के लिए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) और निजी होटल संचालकों ने भी आकर्षक पैकेज जारी किए हैं।
बता दें कि हिमाचल में आई प्राकृतिक आपदा से पटरी से उतरा पर्यटन कारोबार अब उबरना शुरू हो गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी से पर्यटन कारोबार को संजीवनी मिली है। बर्फ का आनंद लेने के लिए सैलानी मनाली, सिस्सू और रोहतांग टनल पहुंच रहे हैं। सैलानियों ने शिमला, कुल्लू-मनाली, कसौली, चायल, धर्मशाला, डलहौजी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति का रुख करना शुरू कर दिया है।
ये भी पढ़ें: जरूरतमंदों का फ़ायदा सुनिश्चित करने प्रत्येक पंचायत पहुंच रही विकसित भारत संकल्प यात्रा: धूमल
इस दौरान पर्यटन विकास निगम के होटल हॉलीडे होम, द चायल पैलेस, होटल हाटू नारकंडा, बड़ोग द पाइनवुड, होटल मणीमहेश, धर्मशाला कांप्लेक्स, कसौली में होटल न्यू रोज कॉमन, पालमपुर में होटल टी बड, क्यारीघाट में होटल मेघदूत, मनाली कांप्लेक्स के लिए क्रिसमस और न्यू ईयर पैकेज जारी किए हैं। यहां सैलानी डीजे म्यूजिक के साथ व्यंजनों का लुत्फ भी उठा सकेंगे। होटल हॉलीडे होम में दंपती के लिए 2,500 और बच्चों के लिए 700 रुपए पैकेज रेट तय किया है। सैलानियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होंगी और पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
वहीं, पर्यटन विकास निगम ने मनाली और दिल्ली के बीच वोल्वो शुरू कर दी है। मनाली से दिल्ली के लिए वोल्वाे शाम 5:30 बजे रवाना होकर सुबह 6:00 बजे दिल्ली पहुंचेगी। दिल्ली से मनाली के लिए वोल्वो शाम 6:30 बजे रवाना होकर सुबह 7:30 बजे मनाली पहुंचेगी। प्रति सीट किराया 1600 रुपये है। 21-22 दिसंबर से पूरी बस की एडवांस बुकिंग है। 9 जुलाई से निगम की वोल्वो बंद थी जिसे अब बहाल किया गया है।