Neha Verma | Hamirpur
अरबी/ कचालू एक कंद है, जो उबालने पर थोड़ा पतला हो जाता है। अगर इसे अच्छी तरह से पकाया जाए तो इसका स्वाद लाजवाब होता है। भारत के उत्तरी और दक्षिणी भाग में इसका व्यापक रूप से उपयोग किया जाता है। अरबी की जड़ और पत्तियां दोनों ही खाने योग्य होती हैं। अरबी के पत्तों से एक लाजवाब नाश्ता बनाया जाता है – पात्रा/पतरोड़े जिसे पहले भाप में पकाया जाता है और फिर भून लिया जाता है, इसका स्वाद मीठा और तीखा होता है।
अरबी सूखी, तली हुई और दही की ग्रेवी में भी बनाई जा सकती है, सबका स्वाद लाजवाब होता है। अरबी की सब्जी उबली हुई अरबी और कच्ची छिलके वाली अरबी दोनों तरह से बनाई जा सकती है और दोनों का स्वाद बहुत अच्छा होता है लेकिन थोड़ा अलग होता है। आज हम सूखी अरबी की सब्जी बताने जा रहे हैं-
ये भी पढ़ें: महिला मंडलो की बहनों के बीच लोकगीत, देश भक्ति, गीत व भजन के होंगे मुकाबले : अर्चना चौहान
आवश्यक सामग्री
- अरबी – 400 ग्राम
- सरसों का तेल – 2-3 टेबल स्पून
- हरा धनिया – 2-3 टेबल स्पून
- अजवायन – 1 छोटी चम्मच
- हींग – ½ पिंच
- हल्दी पाउडर – ½ छोटी चम्मच
- हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक – ½ इंच टुकडा़ (बारीक कटा हुआ)
- लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर – 2 छोटी चम्मच
- अमचूर पाउडर – ½ छोटी चम्मच
- गरम मसाला – ¼ छोटी चम्मच
- नमक – 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
ये भी पढ़ें: मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के लिए फर्नीचर खरीद का जल्द होगा टेंडर
बनाने का तरीका
- अरबी को कुक्कर में डालिए और इतना पानी डाल दीजिए कि वो उसमें डूब जाए। कुक्कर का ढक्कन बंद कर दीजिए और अरबी को गैस पर उबलने रख दीजिए। कुक्कर में एक सीटी आने पर गैस धीमी कर दीजिए और अरबी को 2 मिनट के लिए धीमी आंच पर उबलने दीजिए।
- 2 मिनट बाद गैस बन्द कर दीजिए। फिर कुक्कर का प्रेशर खत्म होने पर कुक्कर खोलिए और अरबी को कुक्कर से निकाल कर प्लेट में रख दीजिए और ठंडा होने दीजिए।
- अरबी अच्छे से ठंडी होने पर इसे छील लीजिए। छिली हुई अरबी को किसी भी आकर काट लीजिए।
- पैन में तेल डाल कर गरम कीजिए। गरम तेल में अजवायन डाल दीजिए और इसके तड़कने के बाद, हींग, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, बारीक कटी हुई हरी मिर्च, बारीक कटा हुआ अदरक डाल दीजिए और मसाले को हल्का सा भून लीजिए।
- मसाला भून जाने के बाद मसाले में अरबी, नमक, अमचूर पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए।
ये भी पढ़ें: Taste Of Himachal : घर पर बनाएं स्वादिष्ट बेसन की बर्फी
- अरबी को ढक कर 2-3 मिनिट के लिए धीमी आंच पर सिकने दीजिए। 3 मिनिट बाद अरबी को चैक कीजिए। एक तरफ से सिक जाने के बाद अरबी को पलट दीजिए ताकि ये दूसरी ओर से भी अच्छे से सिक कर तैयार हो जाए।
- अरबी को फिर से ढक कर 3 मिनिट के लिए धीमी आंच पर सिकने दीजिए।
- 3 मिनट बाद अरबी को चैक कीजिए। अरबी अच्छी क्रिस्पी होकर तैयार है। अरबी में थोड़ा सा हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए और अरबी को प्लेट में निकाल लीजिए।
- अब आपकी बहुत ही स्वादिष्ट अरबी तैयार है। इसे गार्निश करने के लिए ऊपर से थोड़ा सा हरा धनिया डाल दीजिए।
- इस तैयार मसाला अरबी को आप चपाती, परांठे या पूरी किसी के साथ परोसिए और खाइए।
- अरबी की सूखी सब्जी को आप ट्रैवल के समय भी खाने के लिए ले जा सकते हैं। अरबी की सब्जी को आप 24 घंटे तक आसानी से खाने के लिए उपयोग कर सकते हैं।