
रजनीश शर्मा । हमीरपुर
हिमाचल में आखिर ढाई माह बाद सूखे का दौर खत्म हुआ। पूरे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। इससे सेब, गुठलीदार फलों, गेहूं, सरसों और अन्य फसलों को संजीवनी मिल गई है। सूखे की स्थिति बनने से प्रदेश में गेंहू की फसल 15 से 25 फीसदी तक बर्बाद हो गई है। जो बची है, बारिश से उसमें जान पड़ जाएगी। डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के संयुक्त निदेशक और प्रोफेसर रहे डॉ. एसपी भारद्वाज ने बताया कि मौजूदा समय में जिस तरह से मौसम अनुकूल चल रहा है, यह अच्छा है। लंबे समय से इससे सेब के पौधों की चिलिंग शुरू हो जाएगी। ऊंचाई वाले क्षेत्रों और नदी-नालों वाले इलाकों को छाेड़कर बाकी जगहों पर ठीक से चिलिंग नहीं हो रही थी।
ये भी पढ़ें: सर्व कल्याणकारी संस्था द्वारा शिक्षण भ्रमण आयोजन से मिल रहा मेधावी बच्चों को प्रोत्साहन: अभिषेक राणा
अब सेब और अन्य फलदार पौधों के लिए चिलिंग आवर्स पूरे हो जाएंगे। इससे नमी की कमी भी नहीं होगी। लंबे समय सेब के पौधों का रोपण रुका हुआ था। अब नए पौधारोपण के लिए मदद होगी। मगर बागवान यह ध्यान रखें कि इसके लिए नमी पर्याप्त होनी चाहिए। इससे फल देने वाले तमाम तरह के पौधों की बीमारियां भी कम होंगी। सेब के पेड़ों में वूली एफिड, स्केल सहित कई तरह के रोग लग जाते हैं। इनका निदान होगा। राज्य कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक रहे डॉ. एचआर शर्मा ने कहा कि रबी सीजन की गेहूं, सरसों, चने आदि फसलों के लिए बारिश अच्छी है। जो फसल उग नहीं पाई थी, वह उग जाएगी। जो उग गई थी, उसमें भी इससे जान आएगी। पिछले काफी समय से सूखे जैसी स्थिति बनी हुई थी।
बर्फबारी से पर्यटन कारोबार को मिलेगी रफ्तार
हिमाचल प्रदेश में हुई ताजा बर्फबारी से पर्यटन कारोबार को संजीवनी मिली है। बर्फबारी की खबर मिलते ही सैलानी हिमाचल की ओर दौड़े चले आए हैं। इस वीकेंड पर बड़ी संख्या में सैलानियों के हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर उमड़ने की उम्मीद है। होटल एंड रेस्टोरेंट फेडरेशन ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर का कहना है कि लंबे समय से हिमाचल के पर्यटन कारोबारी बर्फबारी का इंतजार कर रहे थे। बर्फबारी के बाद अब पिछले कई महीनों से पर्यटन उद्योग में चल रही मंदी के खत्म होने की आस है।