Diksha Thakur | Hamirpur
आज हम आपको पोषण से भरपूर एक ऐसी ही डिश बताने जा रहे हैं, जिसे उपवास के दौरान आप ट्राई कर सकते हैं। ये स्वादिष्ट होने के साथ ही सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है। उपवास के दौरान सेब फल का प्रयोग तो आम बात है लेकिन अगर सेब की खीर बनाकर खाई जाए तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। इसे बहुत आसानी से घर में ही आप बना सकते हैं। व्रत के दौरान इसका सेवन आपको न सिर्फ ताजगी देगा, बल्कि ऊर्जा से भी भर देगा। सामान्यतय सेब की खीर व्रत के दौरान बनाई जाती है लेकिन इसे आप किसी भी त्यौहार या जब भी मीठा खाने का मन हो, बना सकते हैं। इलायची से महकती और सूखे मेवों के स्वाद वाली सेब की खीर आपको और आपके घर के बच्चों को बेहद पसंद आयेगी। तो आईये बनाये सेब की खीर….
आवश्यक सामग्री
- दूध – 1 लीटर
- कंडेंस्ड मिल्क – 3 बड़े चम्मच
- बेकिंग सोडा – आधा पिंच
- सेब – 500 ग्राम
- चम्मच चीनी – 1 बड़ी चम्मच (आवश्यकता हो तो)
- काजू – 10
- किशमिश – 15-20
- बादाम – 7-8
- छोटी इलाइची – 4
- घी – 1 टेबल स्पून
ये भी पढ़ें : Taste Of Himachal : घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसी दाल मखनी
बनाने का तरीका
- सेब की खीर बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही लें और उसे गैस पर चढ़ा दें।
- उसमें घी डालें और गर्म करें। जब घी पिघल जाए तो उसमें कटे हुए सेब फल डालकर मीडियम आंच पर पकाएं।
- ध्यान रहे सेब तब तक पकाना है जब तक कि उसका पानी पूरी तरह से न सूख जाए।
- जब सेब का पानी सूख जाए तो गैस को बंद कर दें।
- अब एक और पैन लें और उसमें दूध डालकर उसे मीडियम आंच पर उबालें।
- जब दूध में उबाल आना शुरू हो जाए तो गैस की आंच धीमी कर उसे गाढ़ा होने के लिए लगभग 10 मिनट तक पकाएं।
- इस दौरान दूध को बीच-बीच में चलाते भी रहें।
ये भी पढ़ें : Taste Of Himachal : पेट की जलन दूर कर देगी पुदीना की चटनी
- जब दूध अच्छी तरह से पक जाए तो उसमें कंडेंस्ड मिल्क डाल दें। अब गैस की आंच तेज कर दें और लगभग पांच मिनट तक इसे पकने दें।
- इसमें मिठास पर्याप्त होती है तो चीनी मिलाने की जरुरत नहीं है।
- अब इसमें कटा हुआ बादाम और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिला दें।
- अब इसे लगभग तीन मिनट तक पकाएं और फिर गैस को बंद कर दें।
- अब दूध को ठंडा करने के लिए रख दें। जब दूध अच्छी तरह से ठंडा हो जाए तो उसमें पके हुए सेब और किशमिश डालकर मिक्स कर दें।
- इस तरह आपकी टेस्टी सेब की खीर तैयार हो चुकी है।
- इसे और ठंडा होने के लिए कुछ देर तक फ्रीज में रखे।
- इसके बाद ठंडी-ठंडी खीर को फलाहार के तौर पर उपवास करने वाले लोगों को परोसें।