पोल खोल न्यूज़ डेस्क | शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज पेश कर रहे बजट। जानें अपडेट्स….
01:27 PM, 17-FEB-2024
सुक्खू ने विधायक ऐच्छिक निधि को 13 लाख से बढ़ाकर 15 लाख करने की घोषणा की। सभी कर्मचारियों, पेंशनरों को चरणवद्व तरीके से एरियर का भुगतान 1 मार्च से किया जाएगा। ग्रेजुएटी का भुगतान भी 1 मार्च से किया जाएगा। कर्मचारियों को 1 अप्रैल 2024 से महंगाई भत्ते की किस्त जारी होगी। इस पर 580 करोड़ वार्षिक खर्च आएगा। 1 अप्रैल के बाद कर्मचारी अपने सेवाकाल में कम से कम दो बार एलटीसी ले सकेंगे। बजट आकार 58,444 करोड़ रुपये का प्रस्तावित है। 2023-24 के दौरा प्रदेश की अर्थव्यवस्था की अनुमानित वृद्धि दर 7.1 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय अनुमानित 2,35,199 रुपये व राज्य का सकल घरेलू उत्पाद 2,7,430 करोड़ रुपये अनुमानित है।
01:24 PM, 17-FEB-2024
सुक्खू सरकार की खिलाड़ियों को सौगात, ओलंपिक में गोल्ड जीतने पर 5 करोड़ रूपए मिलेंगे
सुक्खू ने ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने पर पुरस्कार राशि बढ़ाकर तीन से पांच करोड़ रुपये करने की घोषणा की। ओलंपिक में स्वर्ण लाने वाले खिलाड़ियों को 5 करोड़ रूपए, रजत पदक के लिए 3 करोड़ रूपए और कांस्य पदक जीतन पर 2 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं, एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक लाने वाले खिलाड़ियों को 4 करोड़ रूपए दिए जाएंगे। स्कूल खेलों में प्राइमरी स्तर पर खेल प्रतियोगिता के लिए 250 रूपए डाइट मनी दी जाएगी। बाकी स्तरों पर स्कूल खेलों के लिए डाइट मनी 450 रूपए। वहीं, पुलिस की डाइट मनी 1000 रूपए की गई है, पहले 210 रूपए थी। 18 हजार पुलिस कर्मियों को इसका लाभ मिलेगा।
01:00 PM, 17-FEB-2024
इलेक्ट्रिक में बदली जाएगी एचआरटीसी की 327 डीजल बसें
सुक्खू ने कहा कि 2024 में नई औद्योगिक प्रोत्साहन नीति लाई जाएगी। उन्होंने नई औद्योगिक स्टार्टअप नीति की भी घोषणा की। माइन्स एंड मिनरल पॉलिसी लाई जाएगी। बद्दी में 70 करोड़ से सड़क बनाई जाएगी। सरकारी क्षेत्र के 55 ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन क्रियाशील किए जाएंगे। एचआरटीसी की 327 डीजल बसों को इलेक्ट्रिक में बदला जाएगा। वन विभाग, एचआरटीसी, व जीएडी के डीजल वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदले जाएंगे। ऑटोमेटिक टेस्टिंग सेंटर के माध्यम से वाहनों की टेस्टिंग होगी। बिजली महादेव में 3.2 किलोमीटर लंबाई वाले रोपवे का निर्माण किया जाएगा। सरकार कालका-शिमला व जोगिंद्रनगर रेलवे लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने के लिए सर्वे करेगी। इसके लिए 10 करोड़ खर्च होंगे।
वन विभाग में 100 रिक्त पद भरे जाएंगे
सभी 2061 वन बीटों में प्रति बीट एक-एक वन मित्र का पद भरा जाएगा। इसके अलावा वन विभाग में 100 रिक्त पद भरे जाएंगे। सभी सरकारी कार्यालयों में ई-हस्ताक्षर व ई-डिस्पैच की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन योजना में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया जाएगा।
12:53 PM, 17-FEB-2024
पीएमजीएसवाई के तहत 825 किलोमीटर लंबी सड़कें बनेंगी
3615 में से 3578 पंचायतों को सड़क सुविधा से जोड़ा गया है। शेष बची पंचायतों को आगामी वित्त वर्ष में सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा। वित्त वर्ष में 2683 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण होगा। 325 नई सड़कें बनाई जाएंगी। 15 बस्तियों को सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 825 किलोमीटर लंबी सड़कों व आठ पुलों का निर्माण किया जाएगा। चार शहरों में पेयजल योजनाओं का काम पूरा किया जाएगा। 112 करोड़ से नाहन, अर्की, पालमपुर में योजनाओं का काम पूरा किया जाएगा। नौ शहरों में पेयजल योजनाओं का जल्द काम पूरा किया जाएगा। पेयजल गुणवत्ता जांचने के लिए 69 टैस्टिंग लैब स्थापित की गईं। 1075 किलोमीटर लंबाई तक सड़कों की टारिंग की जाएगी।