
हाथापाई के दौरान पर्यटक की मौत, 6 आरोपी गिरफ्तार
पोल खोल न्यूज़ | धर्मशाला
बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने के लिए धर्मशाला के मैक्लोडगंज पहुंच रहे है। वहीं, कई बार पर्यटकों के बीच हाथापाई और कानून व्यवस्था बिगाड़ने के मामले भी सामने आते हैं।
इसी बीच धर्मशाला के मैक्लोडगंज में वीरवार को दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। कांगड़ा पुलिस के मुताबिक दोनों गुटों में मारपीट ढाबे में खाना खाने को लेकर हुई। ये हाथापाई इतनी ज्यादा बढ़ गई कि इस झगड़े में एक पर्यटक की जान चली गई। मृतक का नाम नवदीप था। वह पंजाब के फगवाड़ा का रहने वाला था। वहीं, पुलिस ने केस दर्ज करते हुए मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
ये भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव के चलते अब उपभोक्ताओं को नहीं मिलेंगी पैकेट बंद दालें
वहीं, एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कुछ पर्यटक मैक्लोडगंज में घूमने के लिए आये हुए थे। इस दौरान मैक्लोडगंज के लोकल ढाबे में खाना खाने के लिए बैठने को लेकर ढाबे के मालिक और उसके बेटे के साथ पर्यटकों की कहा सुनी हो गई। ये कहासुनी इतनी ज्यादा बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। एसपी ने बताया कि इस मारपीट में 33 साल के नवदीप जमीन पर गिर गए। उनके साथ आए लोगों ने जब ये देखा तो नवदीप मुंह के बल गिरे हुए थे और उनकी हालत खराब थी। जिसके बाद नवदीप की गंभीर हालत को देखते हुए स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन बीच रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि मामले में अभी तक पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम में किस व्यक्ति की क्या संलिप्तता है? पुलिस इसकी जांच में लगी हुई है। पुलिस ने मैक्लोडगंज के फलसेटगंज थाना में केस दर्ज कर लिया है और छानबीन की जा रही है। पहली दृष्टि में सिर में गहरी चोट लगने से मौत का कारण सामने आ रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी कि आखिर किन कारणों के चलते पर्यटक की मौत हुई है।