
हिमाचल प्रदेश में दो दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना, जानें मौसम का हाल
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल के आठ जिलों में सोमवार और मंगलवार को बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई क्षेत्रों में मौसम बदलने का पूर्वानुमान है। चार मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में मौसम साफ रहने की संभावना है। न्यूनतम पारा गिरने से इन क्षेत्रों में ठंडक बढ़ने के आसार हैं। 12 फरवरी से पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।
ये भी पढ़ें: बिजली बोर्ड में 706 पद खत्म करने पर कर्मचारी नाराज, सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में रविवार को मौसम साफ रहा। बीते 24 घंटों में ऊना में पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। ऊना का तापमान 28 डिग्री दर्ज हुआ। पर्यटक मनाली से वाहनों में अटल टनल रोहतांग होकर लाहौल की वादियों में पहुंचे और बर्फ के बीच मस्ती की। लाहौल में पिछले दिनों बर्फबारी से बंद पड़ीं सड़कों को बहाल करने का कार्य तेजी से चल रहा है। सोमवार और मंगलवार को मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी आने की संभावना है। मैदानी जिलों में पारा चढ़ने के आसार हैं।