
सिलिंडर फटने से धमाका, स्टोर के उड़े परखचे; लाखों का नुकसान
पोल खोल न्यूज़ | मंडी
नगर निगम मंडी में एक मकान की दूसरी मंजिल पर स्टोर रूम में रखे सिलेंडर में अचानक ब्लास्ट हो गया। सिलेंडर फटने से आग इतनी भड़की की मकान के पीछे 30 फीट ऊंचे एक पेड़ में भी आग लग गई। वहीं, इस घटना में लाखों का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौके पर दमकल टीम पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे पुरानी मंडी स्थित सोहन सिंह सकलानी के मकान की दूसरी मंजिल पर बने स्टोर रूम में अचानक आग भड़क गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्टोर में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया और उसकी लपटें करीब तीस फीट ऊंचे पेड़ तक पहुंच गई। रविवार की छुट्टी होने के कारण अधिकांश स्थानीय युवा व लोग अपने घरों में ही मौजूद थे। जैसे ही लोगों ने धमाके की आवाज सुनी तो बिना समय गंवाए आग बुझाने के लिए दौड़े। आगजनी की सूचना मिलते ही नगर निगम मेयर व स्थानीय पार्षद वीरेंद्र भट्ट शर्मा भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: एक कॉल पर पशुओं का उपचार, 31,110 को 50 प्रतिशत अनुदान पर पशु आहार : मुख्यमंत्री
वहीं, मेयर वीरेंद्र भट ने कहा कि अग्निशमन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस अग्निकांड में पुरानी मंडी निवासी सोहन सिंह सकलानी का करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। स्टोर में रखा फर्नीचर, बर्तन, टाइल्स व अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया है। सोहन सिंह सकलानी ने घर में टाइल्स लगवाने का काम लगाया था, जिस कारण घर का अधिकतर सामान स्टोर रूम में ही रखा था।
वहीं, पीड़ित सोहन सिंह सकलानी ने कहा कि जिस स्टोर रूम में यह घटना पेश आई है, वहां पर बिजली का कनेक्शन तक नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना टीम ने मौके पर पहुंचकर आगामी जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।