
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल द्वारा महिलाओं को रक्षाबंधन के दिन दिया था तोहफा, आज भी परंपरा जारी :अर्चना चौहान
रजनीश शर्मा | हमीरपुर
भाजपा महिला मोर्चा पूर्व जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान ने जारी बयान में कहा कि परिवहन विभाग ने 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन महिलाओं और छात्राओं के लिए बाहरी राज्य पथ परिवहन निगम की सिटी सर्विस बसों में निःशुल्क यात्रा की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राजनीति अगर संवेदनशील हो, तो वह केवल नीतियों और घोषणाओं का खेल नहीं रहती वह रिश्तों भावनाओं और समाज के मान-सम्मान का प्रतीक बन जाती है। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने अपने कार्यकाल में एक ऐसा ही फैसला लेकर यह साबित किया कि नेतृत्व का असली चेहरा केवल प्रशासन नहीं बल्कि समाज की आत्मा से जुड़ा होता है।
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान ने कहा कि धूमल ने रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व के अवसर पर महिलाओं को राज्य परिवहन की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देकर एक ऐसी परंपरा की शुरुआत की, जो राजनीति नहीं बल्कि रिश्तों का उपहार बन गई। और साथ ही उन्होंने कहा की हिमाचल में जब भाजपा की सरकार थी और वह खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने पंचायती राज लोकतंत्र की प्रणाली में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया था।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देकर कीर्तिमान स्थापित किया है। यह अपने आप में देशभर की महिलाओं को गौरवांवित करने वाली बात है।