
नेहा वर्मा। हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश में सेवाएं प्रदान कर रही 108 एंबुलेंस में बीते 21 महीनों में 1750 नवजातों की किलकारियां गुंजी हैं। एंबुलेंस में तैनात स्टाफ ने ही सफलतम प्रसव करवाकर जच्चा-बच्चा का जीवन बचाने में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा की है। चौंकाने वाला आंकड़ा एंबुलेंस में ही सफल प्रसव करवाने की संख्या का है। आपात स्थिति में एंबुलेंस में तैनात कर्मचारियों ने चिकित्सकों के दूरभाष पर मागदर्शन के बूते सफल प्रसव करवाए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं मेडस्वान फाउंडेशन के मध्य सार्वजनिक एवं निजी भागीदारी के तहत 15 जनवरी, 2022 से हिमाचल प्रदेश राज्य में 108 एंबुलेंस की सेवाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। 108 सेवा के तहत प्रदेश भर में 248 एंबुलेंस उपलब्ध हैं, जो कि पिछले 21 माह से निरंतर आपातकालीन सेवाएं सफलतापूर्वक प्रदान कर रही है। लोगों का बहुमूल्य जीवन बचाने में एंबुलेंस स्टॉफ का योगदान सराहनीय रहा है। 108 एंबुलेंस सेवा ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के कुशल प्रबंधन और मेडस्वान फाउंडेशन के सफलतापूर्वक संचालन द्वारा गर्भवती महिलाओं को सेवाएं प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई है।
ये भी पढ़ें: लाडले की सलामती को देवताओं से दुआ, विशाल के परिजनों ने कुल देवता-देव कमरुनाग से मांगी मन्नत
इतना ही नहीं 15 जनवरी, 2022 से 31 अक्तूबर, 2023 तक 108 एंबुलेंस सेवाओं ने राज्य भर में 2,53,000 से अधिक चिकित्सा संबंधित आपातकालीन स्थितियों में महत्त्वपूर्ण योगदान देकर बहुमूल्य मानव जीवन बचाया है। इसके अलावा इस सेवा ने 14,300 पुलिस संबंधी आपात स्थितियों एवं 800 अग्नि संबंधी आपात स्थितियों में समय रहते सहायता प्रदान की है। जिला हमीरपुर में 108 सेवा के तहत 10 एंबुलेंस कार्यरत हैं, जो अपनी सेवाएं प्रदान करने में 24 घंटे तत्पर हैं। इन एंबुलेंस ने हमीरपुर में पिछले लगभग 21 महीनों के संचालन में 12200 से अधिक चिकित्सा आपात स्थितियों में सफलतापूर्वक सेवाएं प्रदान की है। इनका लोगों को काफी लाभ हो रहा है।
हमीरपुर में करवाए 37 सफल प्रसव
जिला हमीरपुर में कार्यरत 102 एंबुलेंस सेवाओं ने लगभग 5000 लाभार्थियों को सफल ड्रॉपबैक सेवाएं प्रदान की हैं। 108 एंबुलेंस सेवा ने गर्भावस्था संबंधी आपात स्थितियों में कुशल प्रबंधन दिखाते हुए पिछले 21 माह के संचालन में प्रशिक्षित एंबुलेंस कर्मचारियों द्वारा 1750 से अधिक सफल प्रसव करवाए गए हैं, जिनमें जिला हमीरपुर में 37 प्रसव सफलतापूर्वक किए गए हैं। मेडस्वान फाउंडेशन सरकार और प्रशासन के कुशल मार्गदर्शन के अंतर्गत बहुमूल्य जीवन बचाने के इरादे से राज्य के लोगों को सर्वोत्तम आपातकालीन सेवाएं प्रदान करने में प्रतिबद्ध है। आज 108 सेवा अपनी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ आपातकालीन सेवा का पर्याय बन गया है और 108 सेवा को अपनी श्रेणी में सबसे कुशल, त्वरित, विश्वसनीय और देखभाल करने वाली सेवा प्रदाता के रूप में स्वीकार किया गया है।