-
पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शांता कुमार ने कांग्रेस पर साधा निशाना
-
कहा…..सबसे ज्यादा वोटों से हारने का नया इतिहास बना कर दिल्ली लौटेंगे आनंद शर्मा
पोल खोल न्यूज़ | पालमपुर
पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शांता कुमार ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा-चंबा लोकसभा के लिए कांग्रेस ने तीन बार सर्वे करवाया। सर्वे में तीन नाम आए, लेकिन चुनाव लड़ने के लिए कोई भी हिमाचल का नेता तैयार नहीं हुआ। अब कांग्रेस ने दिल्ली से आनंद शर्मा को कांगड़ा-चंबा लोकसभा से प्रत्याशी बनाया है।
शांता कुमार ने कहा कि आनंद शर्मा का हिमाचल की जमीनी राजनीति से कभी जरा भी संबंध नहीं रहा है। केवल राज्य सभा के द्वारा ही वे चुने जाते रहे हैं। इसके मुकाबले भाजपा उम्मीदवार डॉ राजीव भारद्वाज हिमाचल के चप्पे-चप्पे से परिचित, एक विद्वान और प्रभावशाली उम्मीदवार हैं। उम्मीदवार तय होने के बाद वे दो बार क्षेत्र में घूम आए हैं, गांव-गांव से उनका परिचय है। कांग्रेस उम्मीदवार उनका मुकाबला बिलकुल भी नहीं कर पाएंगे।
ये भी पढ़ें :Himachal : निर्दलीय विधायकों की चुनाव लड़ने की उम्मीदों को लगा झटका, 6 सीटों पर ही होगा उपचुनाव
शांता कुमार ने कहा आज से 42 वर्ष पहले केवल एक बार आनंद शर्मा ने शिमला विधानसभा का चुनाव लड़ा था, उस चुनाव में एक इतिहास बना। आज तक के सभी विधानसभा में उस चुनाव में सबसे अधिक 24 उम्मीदवार थे। तब आनंद शर्मा भाजपा के दौलत राम चौहान के मुकाबले हार गये थे। इस बार भी लोकसभा में सबसे अधिक वोटों से हारने का एक नया इतिहास बना कर आनंद शर्मा दिल्ली लौट जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि हिमाचल की अन्य लोकसभा की सीटों की तरह कांगड़ा-चंबा लोकसभा में भी भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी।