
राहुल गांधी ने कसा तंज, देश में 22 लोग जो भी सपना देखते हैं, पूरा हो जाता है और बाकि हिंदोस्तान देखता रह जाता है
पोल खोल न्यूज़ | सिरमौर
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के नाहन के चंबा मैदान में राहुल गांधी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मैं अपने नेताओं को बब्बर शेर कहता हूं। यूं तो बब्बर शेर जंगल में अकेला रहता है, लेकिन हिमाचल के हजारों बब्बर शेर वहां पर मौजूद हैं। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि 40 साल मेहनत करने के बाद एक आम आदमी सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बने हैं। राहुल गांधी ने कहा मैंने सुक्खू जी को मेहनत करते देखा है।
राहुल गांधी ने कहा कि जब कांग्रेस किसानों का कर्ज माफ करती है तो मीडिया कहती है कि कांग्रेस किसानों और मजदूरों की आदत बिगाड़ रही है। मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या कभी टीवी पर कोई सेब का बागवान या कोई मजदूर दिखाया जाता है, लेकिन अंबानी की शादी जरूर दिखाई जाती है। देश में 22-25 लोग हैं वो जो भी सपना देखते हैं, पूरा हो जाता है और बाकी हिंदोस्तान देखता रह जाता है। पूरा देश जानता है कि अगर नरेंद्र मोदी है तो अडानी का बिजनेस आसमान में जाएगा।
ये भी पढ़ें: मतदान को बचे सिर्फ 5 दिन : सुजानपुर में कौन आगे, कौन पीछे
सेब बागवान क्यों टीवी पर नहीं आते
राहुल गांधी ने कहा कि टीवी पर आपने अंबानी की शादी देखी, लेकिन सेब बागवानों को नहीं दिखाया जाता है। राहुल ने कहा नरेंद्र मोदी हैं तो अडानी हैं। राहुल ने कहा कि देश के सारे के सारे गरीब लोगों की लिस्ट बनेगी। हर गरीब परिवार से एक महिला का नाम चुना जाएगा। पांच जुलाई को करोड़ों महिलाओं के बैंक अकाउंट में पैसे डलेंगे।
राहुल गांधी ने कहा महिलाएं घर में काम करती हैं और बाहर भी ऐसे में वे 16 घंटे काम करती हैं। इसलिए हम महिलाओं के अकाउंट में 8 हजार 500 रुपये डालेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि किसानों को प्राइज फिक्सिंग का सामना करना पड़ता है। अडानी जी आते हैं और कम दामों में सेब खरीदते हैं और महंगे दामों पर बेचते हैं। किसानों को फसलों के दाम अच्छे नहीं मिलते ऐसे में हम MSP लागू करेंगे।
भाजपा पर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता आजादी के लिए लड़े। हमारे लाखों कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर लड़े। राहुल गांधी ने कहा कि संविधान की सोच हजारों साल पुरानी है। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि उनके नेता खुलकर कह रहे हैं कि हमारी सरकार 400 पार हुई तो संविधान को फाड़कर फेंक देंगे।
30 लाख सरकारी नौकरियां खाली
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “PM मोदी ने हमें वादा किया था कि वह 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हमने पता लगाया कि 30 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं वो 30 लाख नौकरी हम आपको देंगे। हम हिंदुस्तान के स्नातकों के लिए एक नया अधिकार लाने जा रहे हैं जिसका नाम ‘पहली नौकरी पक्का अधिकार’।”
आपदा में हिमाचल से मुंह मोड़ा और 22 लोगों का 16 लाख करोड़ रुपए कर्ज माफ कर दिया
हिमाचल आपदा को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को जमकर घेरा। राहुल गांधी ने कहा कि हिमाचल आपदा के समय प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री से 9 हजार करोड़ रुपए मांगे थे, लेकिन उन्होंने नहीं दिया। मगर पिछले 10 साल में 22 लोगों के नरेंद्र मोदी जी ने 16 लाख करोड़ रुपए माफ किए है। हिमाचल मुश्किल में था। प्रदेश में 22 हजार परिवारों को नुकसान हुआ, लेकिन पीएम मोदी ने 9 हजार करोड़ देने से मना कर दिया।
ये भी पढ़ें: हिमाचल में आज राहुल गांधी संभालेंगे चुनावी प्रचार का मोर्चा
भाजपा ने हिमाचल में की सरकार को गिराने की कोशिश
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने हिमाचल की सरकार को गिराने की पुरजोर कोशिश की। राहुल ने कहा कि हिमाचल की जनता चारों लोकसभा सीटों को कांग्रेस की झोली में डालें।
पीएम मोदी के इंटरव्यू को लेकर राहुल गांधी ने कसा तंज, अडानी को लेकर PM को घेरा
प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी एक कमरे में बैठकर चार लोगों को इंटरव्यू देते हैं। उनसे पूछा जाता है कि आप आम कैसे खाते हैं और वो कहते हैं कि पता नहीं, सब कुछ अपने आप हो जाता है। पीएम मोदी कहते हैं कि वो देशभर में एक ऐसे व्यक्ति हैं जिनका परमात्मा से कनेक्शन है। राहुल गांधी ने कहा कि जब मोदी जी कहते हैं कि उनका परमात्मा से कनेक्शन है तो चमचे कहते हैं- वाह, वाह कमाल की बात बोल दी। पीएम मोदी अडानी के मित्र हैं, उनकी हर बात मानते हैं, हर मदद करते हैं, तो क्या ये भी परमात्मा ने कहा है कि अडानी की मदद करो।