
Himachal : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की ताजपोशी 25 के बाद संभव, पार्टी के कई नेता रेस में
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश भाजपा को 25 जनवरी के बाद नया प्रदेशाध्यक्ष मिल सकता है। संगठन में 30 मंडल अध्यक्षों के चयन पर सहमति नहीं बन पा रही है। वहीं, ऊना में जिला अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो पा रहा है। इससे प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति आगे खिंच सकती है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के पद के लिए पार्टी के कई नेता रेस में हैं। माना जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व इस मामले में कोई चौंकाने वाला फैसला ले सकता है। इसके लिए क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को विशेष रूप से ध्यान दिया जा सकता है।
इन दिनों प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक चुनाव चल रहे हैं। भाजपा के 171 मंडलों में से अभी केवल 141 में ही अध्यक्ष बनाए गए हैं। यानी 30 मंडलों में चुनावी प्रक्रिया अटकी है। ऊना जिला में 60 फीसदी मंडल अध्यक्षों के चुनाव अटके हैं। ऐसे में तकनीकी रूप से जिला अध्यक्ष का चुनाव नहीं किया जा पा रहा है। वहीं, मंडल अध्यक्षों पर फैसला होते ही जिला अध्यक्ष का चुनाव भी हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार बुधवार तक करीब 20 मंडलों में अध्यक्षों के नाम पर सहमति बनाई जा सकती है। इसके बाद 10 अन्य मंडल अध्यक्षों पर वीरवार तक निर्णय हो सकता है। इसके साथ ही ऊना जिला के अध्यक्ष का भी चुनाव कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें:हिमाचल: मकर संक्रांति पर 75 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशनर्स को मिला संशोधित वेतनमान का तोहफा
हिमाचल प्रदेश में भाजपा के 17 संगठनात्मक जिले हैं। इनमें से 16 पर जिला अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। केवल एक जिला ऊना के अध्यक्ष पर ही निर्णय होना है। इसके बाद 25 से 31 जनवरी के बीच भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर भी निर्णय हो जाएगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की चुनावी प्रक्रिया के लिए पार्टी के प्रदेश के प्रभारी केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह 17 जनवरी के बाद हिमाचल आएंगे। वे कुछ दिन प्रदेश के दौरे पर ही रहेंगे। वे हिमाचल भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से अध्यक्ष पद के लिए बनाए पैनल पर निर्णय लेंगे।