
जनसंख्या और भौगोलिक स्थिति के हिसाब से होंगी कर्मचारियों की नियुक्तियां : मुख्यमंत्री
पोल खोल न्यूज़ | धर्मशाला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में अब जनसंख्या और भौगोलिक स्थिति के हिसाब से कर्मचारियों और अधिकारियों की नियुक्तियां होंगी। प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों सहित सामान्य जगहों के लिए एक नई तबादला नीति पर सरकार काम कर रही है। मंगलवार को विधानसभा सदन में प्रश्नकाल के दौरान उठे इस मामले पर जनजातीय विकास और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने ट्राइबल सब कैडर बनाने का सुझाव दिया।
वहीं, भरमौर से भाजपा विधायक जनकराज ने प्रश्नकाल में अधिकारियों की रिक्तियों का मामला उठाया। विधायक ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कई अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। कार्यकारी अधिकारियों के सहारे भरमौर में सरकारी कामकाज हो रहा है। कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू को भरमौर का दौरा कर स्थिति का जायजा लेना चाहिए। जवाब में जनजातीय विकास मंत्री ने कहा कि भरमौर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विभागों में सरकारी अधिकारियों के कुल 45 पदों पर कार्यकारी अधिकारियों की सेवाएं दी जा रही हैं। रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्तियां करने का प्रयास जारी है।
ये भी पढ़ें: “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत टौणी देवी स्कूल में सांस्कृतिक व्यंजनों की शानदार प्रस्तुति
उधर, मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में अधिकारी और कर्मचारी सेवाएं देना नहीं चाहते। भरमौर के अलावा अन्य जनजातीय क्षेत्रों में भी यह समस्या चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस बाबत ट्राइबल सब कैडर का गठन करना चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही वह भरमौर का दौरा करेंगे। ट्राइबल के साथ ही प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी तबादला नीति पर काम चल रहा है। जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति के हिसाब से कर्मचारियों और अधिकारियों को अब नियुक्तियां दी जाएंगी। युक्तिकरण की प्रक्रिया सरकार ने शुरू कर दी है। किसी भी क्षेत्र में कोई भी पद खाली नहीं रहने दिया जाएगा।