
कुल्लू : पहाड़ी से गिरा पेड़, छह की मौत, सात घायल
पोल खोल न्यूज़ | कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की धार्मिक नगरी में मणिकर्ण गुरुद्वारा साहिब के पास भुंतर मार्ग पर पहाड़ी से एक विशालकाय पेड़ सड़क पर आ गिरा। रेहड़ी के पास और सड़क पर घूम रहे पर्यटक और स्थानीय लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि सात घायल हैं। तीन की हालत गंभीर है। घायलों का कुल्लू अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष हैं। इनमें से तीन की ही पहचान हो पाई है। इनमें रीना पुत्री हंसराज, गांव व डाकघर मणिकर्ण, वर्षिणी पुत्री रमेश मकान नंबर 23,11ए, विजयनगर, बंगलूरू और समीर गुरुंग निवासी नेपाल शामिल हैं। बता दें कि बीते वर्ष जंगल में आग लगने से कायल का ये पेड़ खोखला हो गया था। पेड़ के साथ पहाड़ी से मलबा भी गिरा। इसमें दो वाहनों को हल्का नुकसान हुआ है।
हादसा रविवार दोपहर बाद करीब 4:00 बजे पेश आया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पेड़ गिरने से गाड़ियां चकनाचूर हो गई थीं। शवों और घायलों को निकालने में भी दिक्कत हुई। कटर मशीन से पेड़ के छोटे-छोटे टुकड़े कर इन्हें निकाला गया। घायलों को पहले जरी अस्पताल भेजा गया। एसडीएम सदर विकास शुक्ला ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया है। जांच जारी है।
ये भी पढ़ें : शिक्षा सिर्फ नंबरों तक सीमित नहीं, यह व्यक्तित्व निर्माण की कुंजी है : रजनीश रांगड़ा
मुंबई से परिवार सहित मणिकर्ण घूमने आए सुबोध राव राणे ने बताया कि वह मनाली जाने के लिए अपनी गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से एक पेड़ आकर गिरा और उनकी पत्नी साक्षी और अन्य इसकी चपेट में आ गए। जब वह घटनास्थल की ओर दौड़े तो देखा कि वहां अफरातफरी मची हुई थी।
मणिकर्ण में काफी देर तक वाहनों की आवाजाही रुकी रही। मणिकर्ण से भुंतर और भुंतर से मणिकर्ण की तरफ जाने वाली वाहनों की रफ्तार थमी रही। घायलों का हालचाल जानने के लिए कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर कुल्लू अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों को भी हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। कहा कि यह दुर्घटना बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।