
मंडी : गहरी खाई में गिरी निजी बस, 1 महिला की मौत, 9 गंभीर घायल
पोल खोल न्यूज़ | मंडी
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में गुरुवार शाम बड़ा सड़क हादसा पेश आया। गोहर उपमंडल के तुना के पास चानणी नाला में एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। निजी बस के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से बस में सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि बस में सवार 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चार 108 एंबुलेंस के जरिए घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए गोहर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से 5 घायलों की नाजुक हालात को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। गोहर थाने की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की आगामी छानबीन शुरू कर दी।
वहीं, एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि तुना के पास चानणी नाला में निजी बस गिर गई। हादसे में एक महिला की मौत हुई है, 9 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, घटना के पीछे क्या कारण रहे इसकी जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: कांगड़ा में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी, धर्मशाला में लैंडस्लाइड से खतरे की चपेट में कई घर
वहीं, एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि यह निजी बस जाहल से मंडी की ओर आ रही थी। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे ये बस जैसे ही तुना के पास चानणी नाला पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर 150 फीट खाई में जा गिरी। बस में कुल 10 यात्री सवार थे, जिनमें 2 पुरुष व 8 महिलाएं शामिल थीं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की।
बता दें कि हादसे में गंभीर रूप से घायल 46 वर्षीय निर्मला देवी निवासी नौण ने गोहर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि 22 वर्षीय अमन निवासी नलेड़, 54 वर्षीय बुधी देवी निवासी तरोरे, 21 वर्षीय मीना निवासी नौण, 28 वर्षीय मीरा देवी निवासी तरोरे, 43 वर्षीय चंद्रा देवी निवासी नौण, 35 वर्षीय भामा देवी निवासी नौण, 20 वर्षीय सपना निवासी शाला, 42 वर्षीय भारती शर्मा निवासी तरोरे और 40 वर्षीय प्रकाश निवासी शेगली इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष ने भी हादसे को लेकर दुख जाहिर किया है।
गौरतलब है कि बीती 24 जुलाई को भी मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के तरांगला में एक बस सड़क से फिसलकर खेतों में गिर गई थी। जिसमें सवार 29 लोगों में से 8 की मौत हो गई थी और 21 लोग गंभीर घायल हो गए थे। जिले में बार-बार हो रहे बस हादसे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं।