
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
एक सप्ताह पूर्व पालमपुर के बगौड़ा क्षेत्र में हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चार हथियार बरामद किए है। दो युवकों को अगवा कर फिरौती वसूलने की नाकाम साजिश में गिरफ्तार किए गए सात आरोपियों में से चार हिमाचल के रहने वाले है, जबकि बाकि तीन पंजाब के निवासी है।
एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने इस सारे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में वाहन को भी सीज किया है। बीते दिनों बगौड़ा में एक कार में जा रहे लोगों पर गालियां दागने का मामला सामने आया था। इसमें दो लोग घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए टांडा अस्पताल में दाखिल करवाया था। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पहले मामले में दो लोगों की संलिप्तता की बात सामने आई थी लेकिन जैसे-जैसे तफ्तीश आगे बढ़ती गई इसमें सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह मामला अगवा कर फिरौती वसूलने से जुड़ा बताया गया है।
ये भी पढ़ें: बारीं पंचायत की 107 वर्षीय बर्फी देवी का हुआ निधन
हालांकि पहले चरण में आरोपियों को प्लैन फेल हो गया। एसपी ने बताया कि आरोपियों ने दो लोगों को बर्थडे सेलीब्रेशन के बहाने घर पर बुलाया था। देर शाम जब यह दो लोग अपनी कार से वापस जा रहे थे तो इनको बगौड़ा के पास रोकने का प्रयास किया गया, जहां पर इनको अगवा करने की योजना थी। आरोपियों का अगली योजना फिरौती के पैसे उगाहने की थी। इनके वाहन को रोकने के लिए पत्थर भी लगाए थे, लेकिन कार सवार जैसे-तैसे वहां से गाड़ी भगाने में कामयाब हो गए और आरोपियों की साजिश सिरे न चढ़ सकी। घायल युवकों द्वारा जताए गए शक के आधार पर ही अमित व सावित्री को पकड़ा गया जबकि विक्की नाम का युवक बाद में पुलिस के हत्थे चढ़ा। इनसे की गई पूछताछ में पहले दो और फिर दो और लोगों के नाम सामने आए और पुलिस ने कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया, जिनका 13 दिसंबर तक पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस ने चार हथियार भी बरामद किए है, जिनमें से दो अवैध हथियार है।


