हमीरपुर। Pol Khol News
हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर दीपावली पर दस अतिरिक्त बसें चलाएगा। ये बसें दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी में यात्रियों के लिए मुहैया करवाई जाएंगी। 10 नवंबर को दस बस अतिरिक्त बसों और 11 नवंबर को सात बसों का संचालन एचआरटीसी डिपो हमीरपुर की ओर से किया जाएगा। निगम ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन बसों के संचालन के आदेश जारी किए हैं। इस बारे में एचआरटीसी हमीरपुर डिपो को यह आदेश 31 अक्तूबर को एचआरटीसी मुख्यालय शिमला से प्राप्त हुआ है।
एचआरटीसी प्रबंधन ने दीपावली के पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी स्टॉपेज पर बसों को रोकना सुनिश्चित किया है ताकि कोई भी यात्री अपने घर समय पर पहुंचने से वंचित न रह सके। इसके अलावा स्थानीय बसों का संचालन 12 नवंबर को 5 बजे के बाद नहीं किया जाएगा। वहीं सवारियों को 12 नवंबर को क्लब करके बसों को भेजा जाएगा ताकि एचआरटीसी के हमीरपुर डिपो को नुकसान का सामना न करना पड़े। डिपो ने यह भी सुनिश्चित किया है कि कोई भी बस 12 नवंबर को खाली न दौड़े। दिल्ली और हरिद्वार में यात्रियों के लिए एक-एक रात्रि बस सेवा उपलब्ध रहेगी। एचआरटीसी प्रबंधन ने यह भी तय किया है कि 12 नवंबर शाम से खड़ी की गई बसों को 13 नवंबर की सुबह तुरंत प्रभाव से बहाल किया जाए। इसके अलावा हरिद्वार, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना और अमृतसर के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। इन रूटों पर पहले की तरह ही बसों का संचालन किया जाएगा। एचआरटीसी डिपो हमीरपुर की 10 नवंबर को दिल्ली बस अड्डे पर चार बसें, चंडीगढ़ बस अड्डे पर चार बसें, बद्दी नालागढ़ बस अड्डे पर दो बसें यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगी। जबकि 11 नवंबर को दिल्ली में तीन, चंडीगढ़ में भी तीन और बद्दी नालागढ़ में एक बस यात्रियों को उनके गंतव्यों तक पहुंचाने के लिए उपलब्ध रहेंगी। इन बसों का संचालन एचआरटीसी डिपो हमीरपुर वाया फोरलेन बिलासपुर से होते हुए करेगा। इस बारे में प्रबंधन को मुख्यालय से सूचित नहीं किया गया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन बसों का संचालन वाया फोरलेन बिलासपुर से किए जाने की उम्मीद भी जताई जा रही है। इससे जहां यात्रियों को कम किराया देना पड़ेगा वहीं उनके समय की भी बचत होगी। ये सभी बसें साधारण किराये वाली रहेंगी।
कोट्स
एचआरटीसी डिपो हमीरपुर के मंडलीय प्रबंधक विवेक लखनपाल ने बताया कि मुख्यालय से दिवाली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए दस अतिरिक्त बसें चलाने के आदेश हुए हैं। इनका संचालन दस नवंबर से 11 नवंबर तक जारी रहेगा। इसके अलावा 12 नवंबर को भी यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए बसों की सवारियों को क्लब किया जाएगा ताकि कोई भी बस खाली न चल सके। प्रत्येक बस को हर स्टॉपेज पर रोकने के फरमान भी जारी हुए हैं।