सिरमौर : आंजभोज में एक बार फिर बारिश ने मचाई तबाही, घरों में घुसा पानी
पोल खोल न्यूज़ | सिरमौर
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के आंजभोज क्षेत्र के तहत टोरु डांडा आंज में रविवार को मुसलाधार बारिश ने फिर तबाही मचा दी है। यहां बारिश से रतुआ खड्ड में फिर से बाढ़ आ गई। बाढ़ का पानी खड्ड के आसपास कई घरों में घुस गया।
जानकारी के अनुसार, इस दौरान बाढ़ का पानी स्थानीय लोगों काहन सिंह, जीत सिंह की गऊशाला और घर के बर्तन बहा ले गया। स्थानीय निवासी और वार्ड सदस्य संदीप चौहान ने लोगों को घर से बाहर निकालने में मदद की। हालांकि बाढ़ से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन घरों में रखा काफी सामान बह गया और बड़ी मात्रा में सामान खराब हो गया है।
बताते चले कि पिछले दिनों इसी खड्ड में आई बाढ़ में बह जाने से 48 वर्षीय अमान सिंह की मौत हो गई थी। यह दूसरी बार है जब रेतुआ खड्ड में बाढ़ आई है और भारी नुकसान हुआ है।