
राजनीति : बिंदल, जयराम और होशियार के बीच देहरा की राजनीति और धवाला की भूमिका पर चर्चा
पोल खोल न्यूज । देहरा/ कांगड़ा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह के खैरियां स्थित आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं का रात्रि ठहराव भी पूर्व विधायक होशियार सिंह के आवास पर पर ही था। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बुधवार रात करीब 10 बजे पूर्व विधायक के घर पहुंचे। उसके थोड़ी देर बाद प्रदेशाध्यक्ष बिंदल पहुंचे। बताया जा रहा है कि सुबह के नाश्ते के दौरान तीनों नेताओं के बीच देहरा की राजनीति और भविष्य में धवाला की भूमिका पर चर्चा हुई।
इसके बाद देहरा में कई तरह की चर्चाओं का दौर जारी है। माना जा रहा है कि भाजपा के दोनों दिग्गज नेताओं की पूर्व विधायक होशियार सिंह के साथ मुलाकात ऐसे समय हुई है जब पूर्व मंत्री रमेश धवाला द्वारा भाजपा के बड़े नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है और देहरा हलके में भाजपा के समानांतर मंडल बना रखा है। इसके बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने उनके बयानों को लेकर कारण बताओ नोटिस भेजा है। सूत्र बताते हैं कि देहरा में भाजपा संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।
ये भी पढ़ें: अब मुकर गए डोनाल्ड ट्रंप, कहा,…भारत-पाकिस्तान में मध्यस्थता नहीं, सिर्फ दोनों देशों की मदद की
इसके साथ ही भाजपा और कांग्रेस से बराबर दूरी बनाकर चल रहे कार्यकर्ताओं को पार्टी से दोबारा जोड़ने पर भी बात हुई। माना जाता है कि देहरा हलके में आज भी पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी डाॅ. राजेश शर्मा से एक बड़ा वर्ग जुड़ा हुआ है और यह वर्ग देहरा में अनदेखी के कारण कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रहा है। भाजपा की कोशिश है कि नाराज चल रहे इस वर्ग को भाजपा के साथ लाने के प्रयास किए जाए, ताकि भाजपा को आगामी चुनाव तक काफी मजबूत किया जा सके। वहीं बनखंडी में ही भाजपा मंडल के कई पदाधिकारियों के साथ भी दोनों दिग्गज नेताओं ने देहरा की वर्तमान राजनीति पर चर्चा की है और पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती के लिए टिप्स भी दिए।
वहीं, इस बारे पूर्व विधायक होशियार सिंह ने दोनों नेताओं के साथ मुलाकात का सामान्य बताते हुए कहा कि प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर धर्मशाला में आयोजित तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेने से पहले उनके यहां रुके थे। मुलाकात सामान्य थी। मुलाकात का कोई राजनीतिक अर्थ न निकालें।