
Himachal: महंगा हुआ सफर, 15 फीसदी बढ़ा सामान्य बस किराया
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल में बसों के न्यूनतम किराये में पांच रुपये की बढ़ोतरी के बाद राज्य सरकार ने लंबी दूरी के सामान्य किराये में भी 15 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। पहाड़ी क्षेत्र के लिए सामान्य बसों में 20 और मैदानी क्षेत्रों के किराये में 31 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। एसी डीलक्स और सुपर लग्जरी वॉल्वो बसों का किराया भी बढ़ाया गया है। राज्य सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है और शुक्रवार से नई दरें लागू हो जाएंगी। राज्य में सामान्य किराया 22 जुलाई, 2020 के बाद बढ़ा है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव परिवहन आरडी नजीम की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार साधारण बसों का मैदानी क्षेत्रों में सामान्य किराया 2.50 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से लिया जाएगा, जो पहले 2.19 रुपये था। इसी तरह पहाड़ी क्षेत्रों में किराया 1.60 रुपये की दर से लिया जाएगा। इससे पहले यह किराया 1.40 रुपये प्रति किलोमीटर था। वहीं, डीलक्स बसों के मैदानी क्षेत्र के किराये में 24 और पहाड़ी क्षेत्रों में 39 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। राज्य सरकार ने परिवहन निगम की आय बढ़ाने के लिए यह फैसला लिया है। इससे पहले परिवहन निगम ने न्यूनतम किराया 5 से बढ़ाकर 10 रुपये किया था। अब लंबी दूरी का सामान्य किराया बढ़ा दिया गया है।
ये भी पढ़ें: आउटसोर्स पर इतनी मई के बाद शुरू होगी 6297 प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती
किस क्षेत्र के लिए अब कितना लगेगा अनुमानित किराया
स्टेशन अब पहले
1. शिमला – धर्मशाला 615 535
2. शिमला – मंडी 382 333
3. शिमला – चंबा 977 850
4. शिमला – मनाली 701 610
5 शिमला- चंडीगढ़ 285 242
6 शिमला – दिल्ली 582 512
वॉल्वो
स्टेशन अब पहले
1. शिमला – चंडीगढ़ 488 425
2. शिमला – दिल्ली 1150 1000
3. शिमला – धर्मशाला 1071 932
निगम की बसों में सफर करने पर लोगों को स्मार्ट, ग्रीन और सम्मान कार्ड पर छूट पहले की ही तरह मिलती रहेगी। ग्रीन और सम्मान कार्ड पर 50 किलोमीटर के दायरे में छूट मिलती है। ग्रीन पर 25 और सम्मान कार्ड पर 30 प्रतिशत की छूट है। इसके अलावा स्मार्ट कार्ड पर 10 प्रतिशत की छूट लंबी दूर का सफर करने पर मिलती है।